केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने नए नोटरी पोर्टल (https://notary.gov.in) का शुभारंभ किया।
नोटरी की नियुक्ति को सहज, कुशल और पारदर्शी बनाने के लिए नए नोटरी पोर्टल की शुरुआत की गई
आज नई दिल्ली में विधि और न्याय विभाग की ओर से आयोजित एक समारोह में केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने नए नोटरी पोर्टल (https://notary.gov.in) का शुभारंभ किया। नोटरी पोर्टल नोटरी और सरकार के बीच विभिन्न सेवाओं के लिए एक ऑनलाइन इंटरफेस प्रदान करता है। जैसे इस प्लैटफॉर्म पर नोटरी के रूप में नियुक्ति के लिए आवेदन जमा करना, प्रैक्टिस के प्रमाण पत्र जारी करना और उनका नवीनीकरण, प्रैक्टिस क्षेत्र में बदलाव, वार्षिक रिटर्न जमा करना आदि की सुविधा मिलेगी। नोटरी पोर्टल के शुभारंभ के साथ केंद्रीय नोटरी को फिजिकल (भौतिक) रूप से आवेदन/अनुरोध जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं, इसकी प्रगति की निगरानी कर सकते हैं और अपने डिजिलॉकर खातों से डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस आप डाउनलोड कर सकते हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने समर्पित नोटरी पोर्टल के शुभारंभ की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पेपरलेस, फेसलेस और कुशल प्रणाली प्रदान करने की दिशा में एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित डिजिटल इंडिया के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री ने कहा कि यह पोर्टल उपयोग करने वाले लोगों की सहूलियत को देखते हुए बनाया गया है और जब सभी आवश्यक सुविधाएं उचित समय पर कार्यात्मक हो जाएंगी तो इससे नोटरी और आम लोगों को मदद मिलेगी।
मंत्री की ओर से पोर्टल के शुभारंभ के बाद नोटरी प्रैक्टिस का पहला प्रमाण पत्र डिजिटल रूप से बीकानेर के राजस्थान निवासी श्री भूरा राम को जारी किया गया।
नए नोटरी पोर्टल की मुख्य विशेषताओं को रेखांकित करते हुए विधि सचिव डॉ. राजीव मणि ने बताया कि इस पहल से न केवल देश भर में नोटरी के चयन और नियुक्ति की प्रणाली को तेज, कुशल और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी बल्कि सभी नोटरी से संबंधित अभिलेखों की डिजिटल भंडारण करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि नया पोर्टल पहले के नोटरी ऑनलाइन एप्लिकेशन पोर्टल के अलावा कई नई विशेषताओं से सुसज्जित है। उन्होंने कहा कि एक बार जब नया पोर्टल अपनी सभी विशेषताओं के साथ पूरी तरह से चालू हो जाएगा तो यह नोटरी अधिनियम का निर्बाध प्रशासन सुनिश्चित करेगा और देश के विशाल भौगोलिक विस्तार के हर कोने में नागरिकों को लाभान्वित करेगा।
एनआईसी के सहयोग से आज लॉन्च किए गए नोटरी पोर्टल को विभिन्न मॉड्यूल के साथ डिजाइन और विकसित किया गया है। इन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में अस्थायी रूप से चयनित नोटरी को प्रैक्टिस का प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित मॉड्यूल को लॉन्च किया गया है। वर्ष के अंत में प्रैक्टिस के प्रमाणपत्र के नवीकरण और वार्षिक रिटर्न जमा करने से संबंधित मॉड्यूल को लागू करने की योजना है।
***
एमजी/एआर/आरकेजे/डीए प्रविष्टि तिथि: 03 SEP 2024 by PIB Delhi(रिलीज़ आईडी: 2052740) आगंतुक पटल : 330