भारत को
पारंपरिक चिकित्सा और कल्याण के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित
करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के तहत, भारत सरकार ने 29 मई 2025 को नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में आयोजित
आयुष हितधारक/उद्योग जगत की परिचर्चा बैठक के दौरान 'आयुष
निवेश सारथी' पोर्टल लॉन्च किया। पोर्टल का अनावरण केंद्रीय
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य
मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम
में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के नेता, आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा और डीपीआईआईटी के सचिव श्री
अमरदीप सिंह भाटिया सहित कई वैश्विक हितधारक एक साथ एक मंच पर मौजूद थे। यह पहल
तमाम समय-कालों में मूल्यवान रही भारत की कल्याण प्रणालियों को डेटा, पारदर्शिता और पहुंच में आसानी द्वारा समर्थित एक मजबूत आर्थिक इंजन में
बदलने की कोशिशों में एक नया अध्याय है।
आयुष निवेश
सारथी,
एक समर्पित, निवेशक-केंद्रित डिजिटल
प्लेटफॉर्म है, जिसे आयुष मंत्रालय ने इन्वेस्ट इंडिया की
मदद से विकसित किया है। यह एक एकीकृत इंटरफ़ेस के तहत नीतिगत ढांचे, प्रोत्साहन संरचनाओं, निवेश के लिए तैयार परियोजनाओं
और वास्तविक समय पर सुविधाओं को एक साथ प्रदान करता है। घरेलू और वैश्विक दोनों
किस्म के निवेशकों को मदद करने के लिए डिज़ाइन किया गया, यह
प्लेटफ़ॉर्म एक रणनीतिक उपकरण है, जो चिकित्सा की पारंपरिक
प्रणालियों के लिए वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत
करता है। भारत का आयुष उद्योग देश में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक के
रूप में उभरा है, जिसने 2014 और 2020 के बीच 17% की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। मौजूदा
वक्त में जब दुनिया भर में प्राकृतिक, निवारक और
कल्याण-आधारित स्वास्थ्य देखभाल में लोगों की रुचि तेज़ी से बढ़ रही है, वैश्विक स्वास्थ्य और जीवन शैली में आ रहे बदलाव के लिए आयुष एक बड़ा कारक
बनकर उभर रहा है।
इसी
दृष्टिकोण पर और ज़ोर देते हुए श्री प्रतापराव जाधव ने कहा, "आयुष निवेश सारथी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से कहीं अधिक है, यह बदलावकारी पहल है। यह सरकार की सक्रिय नीतियों, 8,000 से अधिक औषधीय पौधों की प्रजातियों की भारत की प्राकृतिक संपदा और विश्व
स्तर पर विश्वसनीय कल्याणकारी परंपरा को एक साथ लाता है। यह पोर्टल निवेशकों को
वास्तविक समय का डेटा, पारदर्शी नीति मार्गदर्शन और एक जीवंत,
विस्तारित बाजार तक पहुंच के साथ उन्हें सशक्त बनाएगा। आयुष अब केवल
भारत की विरासत नहीं है, बल्कि यह अब एक वैश्विक अवसर
है।"
आयुष क्षेत्र
का महत्व,
चिकित्सा मूल्य यात्रा (एमवीटी) और वैश्विक कल्याण अर्थव्यवस्था में
इसके योगदान में भी मज़बूती से झलकता है। भारत में शीर्ष पांच स्वास्थ्य सेवाओं
में शुमार, आयुष वैश्विक स्तर पर देश के 13 बिलियन अमेरिकी डॉलर के एमवीटी क्षेत्र का प्रमुख चालक है।
आयुष निवेश
सारथी के लॉन्च के साथ ही,
भारत सरकार ने आयुष को सार्वजनिक स्वास्थ्य और आर्थिक विकास दोनों
का मज़बूत स्तंभ बनाने के अपने दृष्टिकोण की एक बार फिर पुष्टि की है। यह पोर्टल
प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को आकर्षित करने, उद्यमियों को सशक्त
बनाने और पारंपरिक चिकित्सा तथा कल्याण में भारत के नेतृत्व को दुनिया के सामने
प्रदर्शित करने में काफी मददगार साबित होगा।
***
एमजी/आरपीएम/केसी/एनएस
प्रविष्टि तिथि: 05
JUN 2025 by PIB Delhi (रिलीज़ आईडी: 2134272) आगंतुक पटल : 26