सरकार का लक्ष्य—महिलाओं को आजीविका से आगे बढ़ाकर सफल उद्यमी बनाना और बाजार से सीधा जोड़ना, लोकसभा में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने श्री इटेला राजेंदर के प्रश्न के उत्तर में दी जानकारी
ग्रामीण
विकास मंत्रालय ने आज संसद में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने ग्रामीण महिलाओं
के नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने के लिए ‘स्वयं सहायता उद्यम मार्ट’
(शी-मार्ट) नामक एक नई पहल की घोषणा की है। इन मार्ट्स की परिकल्पना एक संरचित
खुदरा प्लेटफॉर्म के रूप में की गई है, जहाँ स्वयं सहायता
समूहों (एसएचजी) के सदस्यों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया जा सकता है
और सीधे उपभोक्ताओं को बेचा जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य बाजार के साथ बेहतर
संपर्क स्थापित करना, स्थानीय उत्पादों की दृश्यता बढाना, एसएचजी
संस्थानों को सुदृढ़ बनाना और महिला उद्यमियों को अपने व्यवसायों का विस्तार करने
तथा उन्हें बड़े स्तर पर ले जाने में सक्षम बनाना है।
दीनदयाल
अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत, ' शी-मार्ट्स' पहल बाजार पहुंच और क्षमता निर्माण की
सुविधा प्रदान करती है ताकि महिलाएं स्थायी उद्यम स्थापित कर सकें। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर
पेम्मासानी मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने संवर्धित और अभिनव
वित्तीय साधनों के माध्यम से क्लस्टर स्तर के संघों के भीतर समुदाय-स्वामित्व वाले
खुदरा आउटलेट के रूप में 'शी-मार्ट्स' स्थापित
करने की घोषणा की है। अभी तक इसके लिए कोई निधि स्वीकृत/व्यय नहीं की गई है। यह
पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में
एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे देशभर की लाखों महिलाओं
को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण
विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने श्री इटेला राजेंदर के प्रश्न के
उत्तर में ये जानकारी दी।
*****
आरसी/एडीएस प्रविष्टि
तिथि: 24
MAR 2026 by PIB Delhi (रिलीज़ आईडी: 2244513) आगंतुक पटल : 324